Punjab

सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल के मुख्यमंत्री, मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री

शिमला : हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आई कांग्रेस में मुख्यमंत्री के नाम की माथापच्ची शनिवार सायं समाप्त हो गई। हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र से 58 वर्षीय विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री होंगे जबकि वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष व हरोली से पांचवीं बार विधायक बने मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। सत्ता संतुलन बनाने के लिए हिमाचल में कांग्रेस ने पहली बार उप मुख्यमंत्री का प्रयोग किया है। इससे पहले दिनभर घटनाक्रम बदलता रहा। देर शाम हिमाचल विधानसभा में पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में सुक्खू के नाम पर मुहर लगी। विधानसभा में बैठक के बीच हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह के समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए नारेबाजी करते रहे। देर रात तक विधानसभा के बाहर उनके समर्थक धरने पर डटे रहे। हिमाचल के डीजीपी समेत अन्य शीर्ष पुलिस अधिकारी उन्हें मनाने का प्रयास करते रहे।
-सहयोगी समाचार
सुक्खू के अध्यक्ष बनने से शुरू हुआ था वीरभद्र परिवार से विवाद
धर्मशाला : विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने के बावजूद हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को मुख्यमंत्री चेहरा चुनने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। यहां तक कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व बंद कमरों में बैठकें कर रहा था तो बाहर नेताओं के समर्थक नारेबाजी करते रहे। पार्टी में एक गुट चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहा था, जबकि दूसरा गुट पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी लोकसभा सदस्य और पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाने पर अड़ा रहा। सुक्खू और राजपरिवार के लड़ाई लंबे समय से चल रही है, जो आज भी सीएम पद के लिए चलती रही।

जहां पिता चलाते थे गाड़ी वहां से बेटा चलाएगा हिमाचल सरकार
धर्मशाला : जिस सचिवालय में कभी रसील सिंह चालक हुआ करते थे उसी प्रदेश सचिवालय में बैठकर उनका बेटा सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश की सत्ता की गाड़ी चलाएगा। सुक्खू के पिता हिमाचल प्रदेश सचिवालय में चालक के पद पर तैनात हुए थे। उस दौरान हिमाचल पंजाब का हिस्सा हुआ करता था। सचिवालय में बतौर चालक उनका व्यवहार बेहतर होने के कारण बाद में उन्हें एक अफसर हिमाचल पथ परिवहन निगम में ले आए। यहीं से रसील सिंह सेवानृवित्त हुए थे।

सुक्खू ने राजनीतिक दल को हराया होगा, हिंदुत्व को नहीं : लेखराज
ब्यूरो : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हिंदुओं पर दिए बयान पर हिंदुवादी संगठनों ने निंदा की है, इंटरनेट पर सुक्खू का बयान प्रसारित हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा कि राज्य में 97 प्रतिशत हिंदू हैं, वहां हमने हिंदुत्व की विचारधारा को हराया है। इस पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत प्रमुख लेखराज राणा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है, 97 प्रतिशत में सुक्खू भी आते हैं। इन्होंने एक राजनीतिक दल को हराया है। हिंदुत्व को हराने का कांग्रेस ने पीढ़ियों से प्रयास किया है, लेकिन हिंदुत्व को हरा नहीं पाए।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker